मांडर में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का जनता दरबार
दिव्यांग पेंशन से लेकर जमीन के दाखिल-खारिज मामलों का हुआ ऑन स्पॉट निष्पादन
मांडर अंचल कार्यालय परिसर में राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जनता दरबार लगाया। जनता दरबार में सुबह से ही फरियादियों की भीड़ उमड़ी रही थी और दिनभर करीब 290 आवेदन मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
मंत्री नेहा तिर्की ने कई मामलों का तत्काल समाधान किया और कई मामलों पर विभागीय प्रक्रिया शुरू करवाई। दिव्यांग पेंशन, अबुआ आवास, मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना और जमीन से जुड़े दाखिल-खारिज के मामलों पर तेज कार्रवाई की गई।
मांडर निवासी कलीम अंसारी की 9 वर्षीय दिव्यांग पुत्री आलिया अंजुम को आज ही दिव्यांग पेंशन की स्वीकृति मिली, जिससे उनके परिवार ने राहत की सांस ली। इसी तरह बेलस टोप्पो की जमीन के कागजात में गलत प्लॉट नंबर सुधारा गया और रामपाल उरांव, मुनी उराइन तथा सरिता बाड़ा की जमीन से संबंधित समस्याओं का भी त्वरित समाधान किया गया।




