मनरेगा में छेड़छाड़ के खिलाफ जामताड़ा में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, भाजपा की गरीब-विरोधी साजिश का विरोध


मनरेगा में छेड़छाड़ के खिलाफ जामताड़ा में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, भाजपा की गरीब-विरोधी साजिश का विरोध
जामताड़ा। मनरेगा योजना से छेड़छाड़ और उसके नाम में बदलाव की भाजपा की कथित साजिश के खिलाफ आज जामताड़ा में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार, उग्र और ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। इस जनआंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी गूंजती रही।
इस अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा कांग्रेस की ऐतिहासिक देन है, जिसे श्रीमती सोनिया गांधी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों और मजदूरों को रोजगार की कानूनी गारंटी देने के उद्देश्य से लागू किया गया था। उन्होंने कहा कि यह योजना करोड़ों गरीब परिवारों की जीवनरेखा है, लेकिन भाजपा इसे कमजोर करने की साजिश कर रही है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि नाम बदलने और 60:40 जैसे प्रावधानों के जरिए राज्यों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है, जिससे झारखंड जैसे गरीब राज्यों में मजदूरों को सबसे ज्यादा नुकसान होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा की ताकत कमजोर की गई या उसका नाम बदला गया तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा शासन में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है और रोजगार सृजन में विफल सरकार अब जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बदलकर जनता को गुमराह कर रही है।
जामताड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगी और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी।
वहीं, निशापति हांसदा ने भाजपा को गरीब और आदिवासी विरोधी बताते हुए कहा कि यह पार्टी आम जनता के हित में कभी काम नहीं कर सकती।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, अजित दुबे, मुक्ता मंडल, बाम सरखेल, पूर्णिमा धर, कमरुद्दीन अंसारी, नंदकिशोर सिंह, अरुण दास, मिरुदी सोरेन, विनोद छतरी, प्रकाश मंडल, दानिश रहमान, वर्षा खान, जसबीर गांधी, तनवीर आलम सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *