भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है

भोजपुरी स्टार रवि किशन को मिली जान से मारने की धमकी


भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। यह सनसनीखेज मामला बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच सामने आया है, जिससे राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को बिहार के भोजपुर जिले के आरा थाना क्षेत्र के जवनिया गांव का निवासी अजय कुमार यादव बताया है। आरोपी ने रवि किशन को फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। गोरखपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान व लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।

इस बीच रवि किशन ने कहा है कि वे धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और जनता की सेवा व चुनाव प्रचार जारी रखेंगे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि धमकी कॉल के संबंध में एफआईआर दर्ज की जा रही है और तकनीकी सर्विलांस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, वहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *