भाजपा ने मुख्यमंत्री की स्विट्जरलैंड यात्रा पर किया कटाक्ष, कहा– ‘हद कर दी आपने’
रांची: भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की स्विट्जरलैंड यात्रा को लेकर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने इसे पर्यटन यात्रा करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने इस बार हद कर दी है।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि जमशेदपुर में टाटा समूह की इकाई रांची से मात्र 135 किलोमीटर दूर स्थित है, लेकिन टाटा से एग्रीमेंट करने के लिए मुख्यमंत्री को 7,000 किलोमीटर दूर स्विट्जरलैंड जाना पड़ा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वास्तव में यह मुख्यमंत्री की पर्यटन यात्रा है, जिसे किसी तरह से विनिवेश यात्रा का नाम दिया जा रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री इन्फोसिस के साथ भी समझौता करने जा रहे हैं, जबकि इन्फोसिस का मुख्यालय पुणे में है, जो रांची से हवाई मार्ग से महज डेढ़ घंटे की दूरी पर है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि राज्य सरकार को इन कंपनियों से समझौता करना था तो उन्हें रांची आमंत्रित किया जा सकता था।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के साथ गठबंधन के चलते मुख्यमंत्री पर भी कांग्रेस का प्रभाव दिखने लगा है। उन्होंने एक पुराने किस्से का जिक्र करते हुए कहा कि कभी कहा जाता था कि नेहरू जी के कपड़े भी पेरिस धुलने जाते थे, अब मुख्यमंत्री पड़ोस में स्थित टाटा समूह से समझौते के लिए स्विट्जरलैंड जा रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राज्य में हजारों लघु एवं मध्यम उद्योग रुग्ण अवस्था में हैं, लेकिन सरकार ने उनकी सुध लेने के बजाय विदेश से निवेश लाने पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले वोल्वो प्लांट को लेकर झारखंड में बड़े दावे किए गए थे, लेकिन नौ महीने बाद भी कंपनी का कोई अधिकारी राज्य में नहीं आया।
इसके साथ ही प्रतुल शाहदेव ने सवाल उठाया कि औद्योगिक निवेश लाने के उद्देश्य से गए सरकारी प्रतिनिधिमंडल में इस बार उद्योग मंत्री का शामिल न होना भी आश्चर्यजनक है।
