भाजपा ने आज रांची के जिला स्कूल मैदान से लेकर जिला समाहरणालय तक आक्रोश प्रदर्शन किया

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अगुआई में सूर्या हांसदा इनकाउंटर और रिम्स टू जमीन मामले को लेकर प्रदेश भाजपा ने आज रांची के जिला स्कूल मैदान से लेकर जिला समाहरणालय तक आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान रांची के विधायक सीपी सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा नेता सूर्या हांसदा इनकाउंटर की सीबीआई जाँच और रिम्स टू की प्रस्तावित जमीन को रैयतों को लौटाने की मांग को लेकर भाजपा लगातार आंदोलन कर रही है। इसी क्रम में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाजपा ने आज प्रदेश के सभी प्रखंड मुख्यालयों में आक्रोश प्रदर्शन किया। रांची में भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में जिला स्कूल मैदान से लेकर जिला समाहरणालय तक आक्रोश मार्च निकाला।
जिला समाहरणालय के पास प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सूर्या हांसदा की मौत की सीबीआई जांच और रिम्स टू के लिए प्रस्तावित नगड़ी की उपजाऊ जमीन किसानों को लौटाने की मांग भाजपा लगातार करती रही है। उन्होंने कहा कि इन दोनों मुद्दों को सदन में भी उठाया गया था और उम्मीद थी कि सरकार हमारी बात सुनेगी, लेकिन सरकार की चुप्पी ने पार्टी को सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया है।

आक्रोश प्रदर्शन में मौजूद रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन दूसरी ओर आदिवासी नेता की हत्या करा दी जाती है और आदिवासियों की उपजाऊ जमीन छीन ली जाती है। उन्होंने कहा कि वे रिम्स टू के निर्माण का समर्थन करते हैं, लेकिन यह किसी बंजर भूमि पर होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *