बोकारो से लापता महिला का अर्धनग्न शव बरामद, शरीर के हिस्से जले मिले — हत्या की आशंका


बोकारो जिले से लापता एक महिला का अर्धनग्न शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान सेक्टर-2ए निवासी 52 वर्षीय नमिता देवी के रूप में हुई है, जो 20 जनवरी 2026 को सुबह की सैर के दौरान लापता हो गई थीं।
महिला का शव चंदनकियारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के पास एक सुनसान तालाब किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। नमिता देवी की पहचान उनके पुत्र अमर गोप ने दांतों और हाथ में पहनी चूड़ियों के आधार पर की।
परिजनों ने बताया कि महिला के लापता होने के बाद उसी दिन सिटी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। कई दिनों से परिवार उनकी तलाश कर रहा था। शव मिलने की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह, चंदनकियारी थाना पुलिस और जिले के अन्य थानों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है और शरीर के कुछ हिस्से जले हुए पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध और गंभीर प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *