बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : पहले चरण की वोटिंग कल, 18 जिलों की 121 सीटों पर होगी चुनावी परीक्षा
बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय लिखने को तैयार राज्य की विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां अब चरम पर हैं। कल, 6 नवंबर को पहले चरण का मतदान होगा, जिसमें 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
कुल 243 सीटों वाली विधानसभा के इस चुनाव में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और विपक्षी महागठबंधन आमने-सामने हैं, जबकि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (JSP) भी इस बार मैदान में उतरकर तीसरे मोर्चे की चुनौती पेश कर रही है।
राजनीतिक दलों ने पहले चरण के मतदान से पहले अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बड़े नेताओं की ताबड़तोड़ रैलियों और जनसभाओं के बीच अब सबकी निगाहें कल के मतदान प्रतिशत और मतदाताओं के मूड पर टिकी हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी, जिसके नतीजे तय करेंगे कि बिहार की राजनीतिक दिशा और नेतृत्व किस ओर जाएगा।

