बिहार चुनाव 2025: 11 नवंबर को वोट डालने वाले झारखंड के कर्मियों को मिलेगा विशेष अवकाश
झारखंड सरकार ने लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि 11 नवंबर को होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दिन बिहार के मतदाता झारखंड के सरकारी कर्मचारी अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें, इसके लिए उन्हें विशेष अवकाश (Special Leave) प्रदान किया जाएगा।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। यह निर्णय बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी राज्यों को भेजे गए निर्देश के आलोक में लिया गया है।
बता दें कि पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को सम्पन्न हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा।
झारखंड सरकार का यह निर्णय न केवल कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों को सम्मान देने वाला कदम है, बल्कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

