पटना : बिहार में शीतलहर का कहर जारी है। पूर्णिया में ठंड ने पिछले पचास साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो सामान्य स्तर से काफई कम है। ठंड की वजह से यहां जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
वहीं पटना का तापमान भी सामान्य से नीचे लुढककर न्यूनतम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक स्थिति में सुधार के आसार भी नहीं हैं। इस बीच रविवार को ठंड से पांच लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही ठंड से पूरे बिहार में अब तक करीब 40 लोगों की मौत हो चुकी है।
केंद्रीय कृषि विवि, पूसा के मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी डॉ ए सत्तार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की अति सक्रियता, जम्मू कश्मीर में बर्फबारी एवं पछुआ हवा के कारण शीतलहर की स्थिति है। अभी दो-तीन दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी।
रविवार को उत्तर-पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में मोतिहारी और भागलपुर सबसे सर्द रहे। मोतिहारी में दिन में हल्की धूप निकलने से अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी रही मगर सुबह-शाम तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम 23 और न्यूनतम तापमान 4 और भागलपुर में अधिकतम 15.5 और न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मुजफ्फरपुर में रविवार को इस सीजन का सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री व न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। अधिकतम तापमान 12.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जमुई व लखीसराय जिले का न्यूनतम तापमान भी 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।
बिहार कृषि विवि के मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी प्रो. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व बिहार कोसी और सीमांचल क्षेत्र में अगले दो दिनों तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। पछिया हवा तेज होने की आशंका है।
ठंड से 40 की मौत
बीते 24 घंटे के दौरान ठंड से जमुई में दो और बांका-किशनगंज-लखीसराय में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इससे पूर्व मधेपुरा में दो दर्जन, जमुई में तीन, कटिहार में चार, लखीसराय में एक और किशनगंज में एक व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई है। इस प्रकार अब तक ठंड से मरने वालों की संख्या करीब 40 हो गई है।