झारखण्ड के पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। विनोद भगत नामक ग्रामीण के घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वे अपने बाथरूम में गए और वहां एक ज़हरीला कोबरा सांप दिखाई दिया।
परिवार ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद आसराफुल सेख के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। लगभग 15 मिनट के प्रयास के बाद कोबरा को सुरक्षित तरीके से बाथरूम से बाहर निकाला गया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय लोग भी जमा हो गए थे, जिन्होंने राहत की सांस ली और वन विभाग की तत्परता की सराहना की।
मानसून में बढ़ गया है सांपों का खतरा
मानसून के मौसम में सांपों का निकलना आम होता जा रहा है। खेत-खलिहान से लेकर घरों तक, ये घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मौसम में विशेष सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जीव-जंतु को देखने पर सीधे वन विभाग को सूचित करें, खुद से कोई कार्रवाई न करें।

