प्रसिद्ध मूर्तिकार पद्म भूषण राम वंजी सुतार का निधन, कला जगत में शोक
दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के डिजाइनर और देश के प्रख्यात मूर्तिकार, पद्म भूषण से सम्मानित राम वंजी सुतार का बुधवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वे 100 वर्ष के थे और लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे अनिल सुतार ने की है।
राम वंजी सुतार भारतीय मूर्तिकला के क्षेत्र में एक बड़ा नाम थे। उन्होंने अपने जीवन में देश-विदेश में सैकड़ों ऐतिहासिक और प्रेरणादायक प्रतिमाओं का निर्माण किया। उनकी सबसे चर्चित कृति गुजरात में स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ है, जो देश के पहले उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित है और विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा है।
उनके निधन से कला, संस्कृति और शिल्प जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। देशभर से कलाकारों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। राम वंजी सुतार की कला और योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।


