पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 01 जनवरी 2026 को रात्रि करीब 08:00 बजे शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयल नदी किनारे ओवरब्रिज के नीचे एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

पलामू: पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 01 जनवरी 2026 को रात्रि करीब 08:00 बजे शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयल नदी किनारे ओवरब्रिज के नीचे एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान गिरिवर स्कूल की ओर से आ रही काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH14D 6668) के चालक ने पुलिस चेकिंग देखकर भागने का प्रयास किया। मौके पर तैनात सशस्त्र बलों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम शाहरूख अली (25 वर्ष), पिता जाफर अली उर्फ तुफानी, निवासी हुसैन नगर पहाड़ी मुहल्ला, थाना शहर, जिला पलामू बताया। विधिवत तलाशी के दौरान उसके कमर के बाईं ओर से एक देशी कट्टा, जींस के दाहिने पॉकेट से दो जिंदा गोली तथा बाएं पॉकेट से एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा उसकी अपाचे मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त से गहन पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिन पूर्व कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा पंचमुहान स्थित सोना व्यवसायी रंजीत सोनी से रंगदारी की मांग की गई थी। रंगदारी नहीं देने पर व्यवसायी एवं उसकी दुकान पर दहशत फैलाने की नीयत से फायरिंग की योजना बनाई गई थी। इस मामले में पहले ही दो अभियुक्तों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शाहरूख अली अपने भगीने मो. आतीफ खान के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान के संपर्क में था। फायरिंग की घटना को अंजाम देने के एवज में शाहरूख अली को ₹30,000 देने की बात तय हुई थी। उल्लेखनीय है कि मो. आतीफ खान द्वारा कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर प्रिंस खान से बातचीत की स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी पोस्ट की गई थी।
जप्त प्रदर्श का विवरण:
देशी कट्टा – 01
जिंदा गोली – 02
मोबाइल फोन (रियलमी) – 01
अपाचे मोटरसाइकिल (JH14D 6668) – 01
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध शहर थाना कांड संख्या 305/2024, दिनांक 24.08.2024, धारा 308(4)/109/351(2)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इस एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान में शहर थाना एवं टीओपी-01 के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *