पीएम मोदी से नाराज इस बीजेपी सांसद ने लोकसभा से दिया इस्तीफा, पीएम की कार्यशैली पर उठाये सवाल

नई दिल्ली : गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के भंडारा गोंदिया लोक सभा सीट से बीजेपी के सांसद नानाभाऊ पटोले ने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया है। पटोले ने इस्तीफा देने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली पर सवाल उठाया है।

2014 के लोकसभा चुनाव में नाना भाऊ पटोले एनसीपी के दिग्गज नेता प्रफुल्ल पटेल को शिकस्त देकर सांसद बने थे। पटोले पटोले पिछले काफी समय से बीजेपी नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नाराज चल रहे थे। पटोले का आरोप था कि मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री के सामने किसानों के मुद्दे उठाए थे, जिसे नहीं सुना गया था। इसके बाद उन्होंने ये बात मीडिया में भी कही थी, तभी से वो नाराज चल रहे थे।

सासंद नाना पटोले पिछले कुछ महीनों से पार्टी के खिलाफ बयान देने से सुर्खियों में आए थे। वे कई बार पीएम मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को निशाना बना चुके थे। उन्होंने दो माह पहले पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते कहा था कि सवाल पूछने पर पीएम मोदी नाराज हो जाते हैं। पटोले ने यह भी कहा था कि मैंने पीएम मोदी से ग्रीन टैक्स बढ़ाने, खेती में केंद्रीय निवेश और ओबीसी मंत्रालय को लेकर कुछ सुझाव दिए थे। वे इस पर गुस्सा हो गए और मुझे शांत रहने के लिए कह दिया। नाना ने यह भी कहा था कि पीएम मोदी से सभी केंद्रीय मंत्री डरते हैं। मुझे मंत्री पद का कोई शौक नहीं है, मैं हिटलिस्ट में हूं लेकिन मैं किसी से नहीं डरता।

दरअसल एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल की बीजेपी से बढ़ती नजदीकियां भी पटोले के इस्तीफे की वजह मानी जा रही है। पिछले दिनों जिस तरह से प्रफुल्ल पटेल ने बीजेपी के लिए दिल बड़ा किया है और गुजरात के राज्यसभा चुनाव में दोनों विधायकों के वोट कांग्रेस प्रत्याशी अहमद पटेल के बजाय बीजेपी के उम्मीदवार को दिलाए थे। इसके अलावा माना जा रहा है कि प्रफुल्ल पटेल के चलते ही गुजरात में कांग्रेस और एनसीपी के बीच गठबंधन नहीं हो सका है। इस तरह कांग्रेस भी प्रफुल्ल पटेल से नाराज चल रही थी। ऐसे में पटोले को भी अपना सियासी ठिकाना तलाशना था। इसी मद्देनजर उन्होंने पिछले दिनों कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल से मुलाकात की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *