पीएम मोदी ने गले लगाकर किया दोस्त पुतिन का स्वागत, एक ही गाड़ी से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे।।।


पीएम मोदी ने गले लगाकर किया दोस्त पुतिन का स्वागत, एक ही गाड़ी से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे।।।

 रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंच चुके हैं। उनका विमान पालम एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद पहुंचकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को गले लगाकर अभिवादन किया। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा माना जा रहा है।

एयरपोर्ट से दोनों नेता एक ही गाड़ी में सवार होकर सीधे प्रधानमंत्री आवास पहुंचे, जहां आज शाम प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में एक प्राइवेट डिनर की मेजबानी करेंगे। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे में भारत और रूस के बीच कई महत्वपूर्ण समझौते हो सकते हैं, जिनमें एस-400 मिसाइल सिस्टम डील जैसे रक्षा सहयोग से जुड़े विषय भी शामिल बताए जा रहे हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रपति पुतिन का इससे पहले भारत दौरा 6 दिसंबर 2021 को हुआ था।

यह यात्रा भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है। वर्ष 2000 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा इस रणनीतिक सहयोग की नींव रखी गई थी।

स्वागत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा—
“मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत कर बेहद खुश हूं। आज शाम और कल होने वाली बातचीत को लेकर आशान्वित हूं। भारत-रूस की दोस्ती समय की कसौटी पर हमेशा खरी उतरी है और दोनों देशों के नागरिकों को इससे निरंतर लाभ हुआ है।”

इधर, रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने बताया कि उन्हें इस बात की पूर्व जानकारी नहीं थी कि प्रधानमंत्री मोदी खुद एयरपोर्ट पर पुतिन की अगवानी के लिए मौजूद रहेंगे। क्रेमलिन के अनुसार, यह फैसला पूरी तरह अचानक और विशेष सम्मान का प्रतीक रहा।

आज का प्राइवेट डिनर और आने वाली वार्ताएं दोनों देशों के बीच राजनीतिक, रक्षा और आर्थिक सहयोग को और मजबूती देने की दिशा में अहम मानी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *