पलामू पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करीब साढ़े छह एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया गया।
पलामू जिले में विशेष अभियान के तहत नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के कऊवल के जंगली इलाके में वन भूमि पर करीब डेढ़ एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती को पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से विनष्ट किया। इस अभियान में नौडीहा बाजार थाना और कुहकूह कला पुलिस पिकेट की संयुक्त टीम शामिल रही।
वहीं पांकी थाना क्षेत्र के पुंडरू और आबून के जंगली इलाके में वन भूमि पर करीब चार एकड़ और गैर मजरूआ भूमि पर करीब एक एकड़, कुल पांच एकड़ में लगी अवैध अफीम की फसल को नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में पुलिस के साथ वन विभाग की टीम भी मौजूद रही।
पुलिस के मुताबिक अवैध खेती में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। नाम-पता सत्यापन के बाद वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


