पलामू में अवैध अफीम खेती पर बड़ी कार्रवाई, 16 एकड़ फसल नष्ट


पलामू: मादक पदार्थों की अवैध खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पलामू पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 16 एकड़ में लगी अवैध अफीम/पोस्ता की फसल को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।


नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डागरा और रतनाग के जंगली इलाके में वन भूमि पर लगभग 7 एकड़ में अवैध रूप से उगाई गई अफीम/पोस्ता की खेती को पुलिस बल ने ट्रैक्टर की मदद से नष्ट किया। इस अभियान में नौडीहा बाजार थाना, डागरा पुलिस पिकेट और कुहकूह कला पुलिस पिकेट की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में मनातू थाना क्षेत्र के झांटी और गीतहर गांव के जंगली इलाके में वन भूमि पर करीब 9 एकड़ में लगी अवैध फसल को भी विनष्ट किया गया। इस कार्रवाई में मनातू थाना पुलिस, मिटार पुलिस पिकेट और वन विभाग के अधिकारी व जवान संयुक्त रूप से शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार अवैध अफीम की खेती में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। सत्यापन के बाद वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के तहत वन वाद दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *