पलामू पुलिस को बड़ी सफलता, 800 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

पलामू। पलामू पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 800 ग्राम अफीम के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस अधीक्षक, पलामू को 29 जनवरी 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति पाकी की ओर से टेम्पू के माध्यम से प्रतिबंधित अफीम लेकर रजवाडीह चौक होते हुए डालटनगंज पहुंचेंगे और वहां से ट्रेन द्वारा बाहर जाने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए सदर थाना प्रभारी के निर्देश पर संध्या गश्ती के दौरान रजवाडीह चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
वाहन चेकिंग के दौरान एक टेम्पू से दो संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर उतरते पाए गए। संदेह के आधार पर दोनों की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह अफीम ग्राम ताल, थाना तरहसी निवासी तेतर यादव से खरीदकर जालंधर (पंजाब) में बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बरामद सामग्री को जब्त करते हुए सदर थाना लाया। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या-13/2026, दिनांक 29.01.2026 को NDPS Act की धारा 17(b)/22(b)/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सूचित भुईयां (उम्र 25 वर्ष, निवासी पथरा कला, थाना पोंकी, पलामू) एवं कुलेन्द्र भुईयां (उम्र 25 वर्ष, निवासी रिमी रामपुर, थाना लावालोग, चतरा) शामिल हैं।
जब्त सामग्री में लगभग 800 ग्राम अफीम, दो मोबाइल फोन और ₹800 नकद शामिल हैं।
पलामू पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *