पड़हा राजा सोम मुंडा की हत्या के विरोध में सड़क जाम, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
राँची/खूंटी।
पड़हा राजा सोम मुंडा की हत्या के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा है। मंगलवार को लोधामा–कर्रा रोड, रिंग रोड ब्रिज स्थित सीठियो मोड़ के पास ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
पड़हा राजा सोम मुंडा खूंटी जिले के निवासी थे। उनकी हत्या से आदिवासी समाज में गहरा आघात पहुंचा है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना आदिवासी समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
सड़क जाम के कारण इलाके में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और वे दोषियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहा है। वहीं, प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

