पंड़वा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नए साल के पहले दिन मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 64.3 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पंड़वा (पलामू): पंड़वा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नए साल के पहले दिन मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 64.3 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पंड़वा थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत धारा 21(b)/29 एनडीपीएस एक्ट में दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 जनवरी 2026 को लगभग 16:15 बजे पंड़वा थाना को गुप्त सूचना मिली कि माधुरी जंगल के आसपास एक व्यक्ति नियमित रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री करता है। सूचना के मुताबिक, आरोपी नीले रंग का जींस, भूरे रंग का स्वेटर और सिर पर नेवी रंग की टोपी पहने हुए माधुरी जंगल क्षेत्र में मौजूद था।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित दल द्वारा माधुरी जंगल क्षेत्र में छापामारी की गई, जहां एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
विधिवत तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ब्राउन शुगर जैसा दिखने वाला पदार्थ (ढेले के रूप में) कुल वजन 64.3 ग्राम बरामद किया गया। इसके अलावा उसके पास से पोको कंपनी का पीले रंग का एक मोबाइल फोन और ₹1200 नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम मुमताज खान (26 वर्ष), पिता ईशहाक खान, निवासी साईं मुहल्ला, थाना गढ़वा (शहर), जिला गढ़वा बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गढ़वा से ब्राउन शुगर लाकर पंड़वा और डालटनगंज के विभिन्न इलाकों में बिक्री करता था।
इस छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक पलामू श्री राजीव रंजन, पंड़वा थाना प्रभारी पु०अ०नि० अंचित कुमार, स०अ०नि० शंकर राम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए थाना लाया और मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *