भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी दो दिवसीय दौरे पर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर सेना एवं नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों द्वारा भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। इस अवसर पर झारखंड के सांस्कृतिक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और कला प्रस्तुतियों के माध्यम से उनका अभिनंदन किया, जिससे स्वागत समारोह विशेष रूप से आकर्षक बन गया।
नौसेना प्रमुख का रात्रि विश्राम लोक भवन में निर्धारित है। अपने प्रवास के दौरान वे राज्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शुक्रवार को वे रांची शहरी क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी उनके साथ उपस्थित रहेंगे।
छात्रों से होने वाले संवाद का मुख्य विषय “विकसित भारत 2047” होगा, जिसमें युवाओं की भूमिका, राष्ट्र निर्माण और सशक्त भारत की परिकल्पना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके पश्चात ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों से भी संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है, जहां छात्रों को देश की रक्षा व्यवस्था, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया जाएगा।
दोपहर में नौसेना प्रमुख रांची क्लब में आयोजित सांसद कला महोत्सव के अंतर्गत लगी पेंटिंग एवं चित्रकला प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे।

