झारखंड की बेटी दिव्यानी लिंडा का भारतीय टीम में चयन, क्षेत्र में हर्ष
रांची // नेपाल में आयोजित होने वाली SAFF अंडर-19 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय महिला फुटबॉल टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टीम में झारखंड की छह प्रतिभावान खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिनमें रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत चंद्रा गांव की रहने वाली दिव्यानी लिंडा का नाम भी शामिल है।
दिव्यानी लिंडा पूरी भारतीय टीम के साथ नेपाल पहुंच चुकी हैं। भारतीय महिला टीम अपना पहला मुकाबला 31 जनवरी को खेलेगी। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद दिव्यानी ने कड़ी मेहनत, लगन और संघर्ष के बल पर एक बार फिर टीम इंडिया में जगह बनाकर झारखंड का नाम रोशन किया है।
दिव्यानी लिंडा की इस उपलब्धि से उनके गांव, प्रखंड और जिले में खुशी की लहर है। समाजसेवी जगदीश सिंह जग्गू, रश्मि तिर्की, उनके कोच अनवरुल हक उर्फ बबलू, डॉ. शहनवाज कुरैशी, देवेंद्र स्वामी, समंदर लाल, आशुतोष त्रिवेदी, रेखा महतो, सुरेंद्र उरांव, शकील अहमद सहित एक्स आर्मी के तमाम साथियों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बधाई देने वालों ने कहा कि दिव्यानी लिंडा की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी मजबूत इरादों और मेहनत से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


