रांची जिले में नव-नियुक्त प्रखंड आपूर्ति और कल्याण पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध सेवा देने पर जोर दिया।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें हाल ही में नियुक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों और अपेक्षित प्रदर्शन के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन देना था। उप विकास आयुक्त ने निष्ठा और समयबद्धता के साथ कार्य करने, जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और सामाजिक कल्याण योजनाओं को लाभार्थियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के अनिवार्य उपयोग, नियमित निरीक्षण और किसी भी तरह की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। अधिकारियों से समन्वय बनाए रखते हुए काम करने को कहा गया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह जिम्मेदारी लाखों लोगों के जीवन से जुड़ी है, इसलिए ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करना जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी अधिकारी रांची जिले को एक मॉडल जिला बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
बैठक में आईटीडीए, जिला आपूर्ति कार्यालय और जिला कल्याण विभाग के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।



