नवंबर की शुरुआत के साथ झारखंड में ठंड ने दी दस्तक,रांची समेत पूरे राज्य में तापमान में गिरावट, सुबह रहेगा कोहरा
नवंबर की शुरुआत होते ही झारखंड का मौसम बदलने लगा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र (रांची मेट ऑफिस) के अनुसार, मंगलवार से पूरे झारखंड में हल्की ठंड का अहसास बढ़ गया है। सुबह के समय धुंध या कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जबकि दिन के दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रांची, बोकारो, हजारीबाग, गुमला और लोहरदगा जिलों में रात के तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, जिससे लोगों को सुबह और देर शाम हल्की ठंड का एहसास हो रहा है।
उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण हो रहा है, जो उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ी हुई हैं। इन हवाओं के चलते झारखंड के अधिकांश इलाकों में नमी घटने लगी है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।
रांची और आस-पास के इलाकों में तापमान 12-13 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि पहाड़ी इलाकों में यह इससे भी नीचे पहुंच सकता है।
