नगर निकाय चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कमर कस ली है। शुक्रवार को प्रदेश राजद कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारी, जिला, महानगर एवं प्रकोष्ठ अध्यक्षों की एक अहम बैठक प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सिंह यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों पर अधिक से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया गया।
बैठक में झारखंड सरकार के श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, प्रधान महासचिव सह पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा, गिरधारी यादव, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव, डॉ. मनोज कुमार, रश्मि प्रकाश, सुनीता चौधरी, रंजन यादव, मकबूल हुसैन, विक्रम यादव, तारकेश्वर यादव सहित सभी जिला, महानगर एवं प्रकोष्ठ अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से अनिता यादव एवं मनोज पांडेय ने किया।
बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर भले न हो, लेकिन राजद समर्थित उम्मीदवारों को संगठन पूरी ताकत के साथ सहयोग करेगा। वार्ड पार्षद से लेकर अध्यक्ष पद तक समन्वय बनाकर चुनाव लड़ने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का स्पष्ट संदेश है कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाए और संगठन को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा कि देश आज एक विचित्र परिस्थिति से गुजर रहा है। महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर उन्होंने कहा कि आज गोडसे की विचारधारा को मानने वाले आगे बढ़ रहे हैं और गांधीवादी विचार पीछे धकेले जा रहे हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है। ऐसे समय में राजद को एकजुट होकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करनी होगी।
प्रधान महासचिव सह पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि वर्तमान चारों विधायक एवं पूर्व विधायक अपने-अपने जिले में नगर निकाय चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद जिताने को प्रमुख लक्ष्य बनाएं। इसके लिए संगठन स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि संथाल परगना, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल सहित गोड्डा, देवघर, गिरिडीह, धनबाद, कोडरमा समेत अन्य क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ता और उम्मीदवारों से लगातार संवाद किया जा रहा है। नामांकन के बाद स्पष्ट दिशा-निर्देश के साथ चुनावी रणनीति को अमल में लाया जाएगा।
प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने दोहराया कि राजद किसी भी कीमत पर सांप्रदायिक ताकतों के साथ समझौता नहीं करेगा। पार्टी नफरत की राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देगी। नगर निकाय चुनाव में राजद अपने समर्थित उम्मीदवारों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। यदि सहयोगी दलों के साथ गठबंधन की स्थिति बनती है, तो उस पर भी विचार किया जाएगा।
बैठक में जिला एवं महानगर अध्यक्षों को डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाने, मतदाताओं से संवाद स्थापित करने और उम्मीदवारों का मनोबल बढ़ाने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।

