नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के दौरान आदर्श आचार संहिता के शत-प्रतिशत अनुपालन को लेकर समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, उप प्रशासक रांची नगर निगम संजय कुमार सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के कृत्य को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जमानत पर रिहा अपराधियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही समाज में अशांति फैलाने अथवा चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्वाचन अवधि के दौरान शस्त्र अनुज्ञप्ति धारकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने हथियार जमा कराने हेतु प्रभारी आर्म्स मजिस्ट्रेट को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा अवैध हथियारों के विरुद्ध सघन छापामारी अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में विधि-व्यवस्था संधारण, एसएसटी के माध्यम से सघन वाहन जांच, सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री की निगरानी, अवैध शराब और नकद लेन-देन पर कड़ी नजर रखने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण नगरपालिका निर्वाचन 2026 संपन्न कराने का निर्देश दिया।



