धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, महिला कोच से 78 जीवित कछुए बरामद

धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, महिला कोच से 78 जीवित कछुए बरामद

धनबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार तड़के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने एक बड़ी तस्करी का भंडाफोड़ किया है। आरपीएफ ने योग नगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13010) के महिला कोच से 78 जीवित इंडियन फ्लैपशेल कछुए (Lissemys punctata) बरामद किए हैं।

बताया जा रहा है कि ये सभी कछुए थैले में बंद करके ले जाए जा रहे थे। तलाशी के दौरान जब आरपीएफ जवानों को संदिग्ध बैग मिला, तो जांच में उसमें जीवित कछुए पाए गए। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, बरामद कछुओं की कुल कीमत लगभग 7.80 लाख रुपये आंकी गई है।

आरपीएफ ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और सभी कछुओं को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया, “यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। बरामद कछुओं को सुरक्षित रूप से वन विभाग के हवाले कर दिया गया है।”

प्राथमिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि इन कछुओं को अवैध रूप से पश्चिम बंगाल या असम की ओर ले जाया जा रहा था। फिलहाल तस्करी के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *