धनबाद टुंडी में हाथियों का उत्पात, दो घर क्षतिग्रस्त, मशालचियों ने झुंड को खदेड़ा
धनबाद। धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड में जंगली हाथियों के झुंड ने भारी उत्पात मचाया है। बताया जा रहा है कि पांच हाथियों का यह झुंड, जिसमें एक बच्चा हाथी भी शामिल है, गिरिडीह जिले के पीरटांड़ क्षेत्र से होते हुए पश्चिमी टुंडी प्रखंड में प्रवेश कर गया। देर रात डंडाटांड़ के रास्ते दलुगोड़ा गांव पहुंचते ही हाथियों ने रिहायशी इलाके में आतंक मचाना शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हाथियों ने दलुगोड़ा गांव निवासी रामलाल मुर्मू के एक घर को तोड़ दिया। घर में रखी धान की फसल हाथियों ने खा ली, जबकि बाकी अनाज इधर-उधर बिखेर दिया। हाथियों ने दीवार तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। उस समय घर में रामलाल मुर्मू की पत्नी चंदोली मुर्मू और उनकी तीन बेटियां—संजोती कुमारी, सेवान्ती कुमारी और समिता कुमारी—सो रही थीं। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गईं। घटना के समय घर के मुखिया रामलाल मुर्मू रोजगार के सिलसिले में बाहर थे।
घटना की सूचना मिलते ही मशालचियों की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से खदेड़ते हुए चीना पहाड़ी की ओर भेजा गया। शुक्रवार सुबह भाजपा के टुंडी मंडल अध्यक्ष गोविन्द टुडू पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की। साथ ही तत्काल राहत के रूप में अनाज और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े उपलब्ध कराने की बात कही।
हाथियों के इस उत्पात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि ग्रामीण वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।





