दिवंगत रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के आवास पहुंचे। वे यहाँ स्व. रामदास सोरेन जी के संस्कार भोज में शामिल हुए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने स्व. रामदास सोरेन की धर्मपत्नी श्रीमती सूरजमनी सोरेन, उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन सहित अन्य परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और ढांढ़स बंधाया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि “आदरणीय गुरुजी के निधन के कुछ ही दिनों बाद रामदास सोरेन जी का आकस्मिक निधन हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। यह राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। आज झारखंड के विभिन्न हिस्सों से लोग यहाँ पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। हमारी ओर से भी स्व. रामदास सोरेन जी को शत-शत नमन और विनम्र श्रद्धांजलि।





