वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्लोबल आईटी कंपनी इंफोसिस के साथ टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान झारखंड के दीर्घकालिक विकास विज़न, डिजिटल परिवर्तन और युवा कौशल विकास पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में इंफोसिस ग्लोबल (कैलिफ़ोर्निया) के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आशीष कुमार दास शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यों और दूरदर्शी विज़न की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड टेक्नोलॉजी आधारित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
डिजिटल स्किल और एआई पर विशेष जोर
बैठक के दौरान झारखंड के युवाओं को डिजिटल स्किल, री-स्किलिंग और एआई आधारित प्रशिक्षण से सशक्त बनाने पर सहमति बनी। इंफोसिस के विंग्सपैन (Wingspan) प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण देने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इससे राज्य के युवाओं को आईटी, एआई और उभरती तकनीकों में रोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।
खनन क्षेत्र में एआई आधारित समाधान
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खनन क्षेत्र में तकनीकी नवाचार की आवश्यकता पर बल दिया। इस पर इंफोसिस ने एआई आधारित डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन सॉल्यूशंस प्रस्तुत करने की सहमति दी, जिससे खनन क्षेत्र में उत्पादकता, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाई जा सकेगी। इस विषय पर फरवरी माह में एक वर्चुअल सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने की पहल
इंफोसिस ग्लोबल की ओर से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को इंफोसिस हाउस भ्रमण का आमंत्रण भी दिया गया, जहां कंपनी के अत्याधुनिक एआई और डिजिटल नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
दावोस में आईटी, एआई और टेक्नोलॉजी पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की लगातार हो रही बैठकों को युवा झारखंड के भविष्य को मजबूत दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है। यह पहल राज्य में डिजिटल परिवर्तन, कौशल विकास और तकनीक आधारित औद्योगिक प्रगति को नई गति देगी।

