झारखंड में मेडिको सिटी की तैयारी, तेलंगाना CM रेवंथ रेड्डी से हुई अहम बातचीत

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी से झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान शालिनी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान झारखंड में मेडिको सिटी की स्थापना तथा सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों को आमंत्रित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान शालिनी ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए तेलंगाना–हैदराबाद के उन्नत स्वास्थ्य मॉडल को अपनाने की योजना से मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मेडिको सिटी की स्थापना से झारखंड के मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं अपने राज्य में ही उपलब्ध होंगी और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी समाप्त होगी।
मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी ने झारखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि यदि झारखंड सरकार आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराती है, तो तेलंगाना के प्रमुख मेडिकल समूह झारखंड में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल स्थापित करने के लिए तैयार हैं।
बैठक के दौरान दोनों राज्यों के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, निवेश और तकनीकी साझेदारी को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। यह मुलाकात झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *