झारखंड में फिर बढ़ी कड़ाके की ठंड, खूँटी सबसे ठंडा जिला, 6 जिलों में कोहरा व शीतलहर का अलर्ट


रांची :
झारखंड में एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई थी, लेकिन पहाड़ी और पठारी इलाकों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
सुबह और शाम के समय शीतलहर का असर साफ नजर आ रहा है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
पिछले 24 घंटों में खूँटी राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है। राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
हालांकि कोहरे को लेकर कुछ राहत जरूर मिली है। जहां एक दिन पहले 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी था, वहीं अब यह घटकर 6 जिलों तक सीमित रह गया है।
मौसम विभाग के अनुसार गुमला, सिमडेगा, खूँटी, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़ और बोकारो में घना कोहरा और भीषण शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
राजधानी रांची समेत कुछ इलाकों में ठंड से मामूली राहत दर्ज की गई है। बीते दिनों जहां रांची में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के आसपास था, वहीं अब यह बढ़कर 8.2 डिग्री सेल्सियस हो गया है।
वहीं जमशेदपुर में 8.8 डिग्री, लातेहार में 8.3 डिग्री और पाकुड़ में 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जिससे रात की कनकनी में कुछ कमी आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *