नगर निकाय चुनाव में देरी के विरोध में BJP का महा धरना
रांची।
झारखंड में नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में आज रांची नगर निगम कार्यालय के समक्ष BJP महानगर इकाई के तत्वावधान में आयोजित महा धरना कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरना स्थल पर मौजूद नेताओं ने राज्य सरकार पर नगर निकाय चुनाव को जानबूझकर टालने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है और आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। वक्ताओं ने नगर निकायों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभाव को जनहित के विरुद्ध बताया।
BJP नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई, तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए त्वरित चुनाव कराने की मांग की।
महा धरना कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए।

