झारखंड में जल्द शुरू होगी किडनी ट्रांसप्लांट सुविधा, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
रांची —
झारखंड के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी है। राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में जल्द ही किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू होने जा रही है।
इस सुविधा के शुरू होने से किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए बाहर के महंगे निजी अस्पतालों या अन्य राज्यों में जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। सरकारी स्तर पर उन्हें कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध हो सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने किडनी ट्रांसप्लांट सेवा शुरू करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। सबसे पहले रिम्स से इस सेवा की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से राज्य के अन्य सरकारी अस्पतालों में भी किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा का विस्तार किया जाएगा।
इसके साथ ही निजी क्षेत्र में भी इस सेवा को बढ़ावा दिया जाएगा। रांची स्थित राज हॉस्पिटल को किडनी ट्रांसप्लांट की अनुमति दिए जाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के इस कदम को झारखंड के हजारों किडनी मरीजों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे उन्हें बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

