झारखंड में कुड़मी समाज का रेल रोको आंदोलन, रेल परिचालन ठप
झारखंड में कुड़मी समाज ने खुद को आदिवासी का दर्जा दिए जाने की पुरानी मांग को लेकर एक बार फिर बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है। आदिवासी कुड़मी समाज मंच के आह्वान पर शनिवार (20 सितंबर) सुबह से ही राज्य के कई जिलों में कुड़मी समाज के हजारों लोग रेलवे ट्रैक पर उतर आए।
इस दौरान रेलवे ट्रैक जाम कर दिए जाने से रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। कई जगहों पर लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित हुईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुड़मी समाज लंबे समय से केंद्र और राज्य सरकार से आदिवासी सूची में शामिल करने की मांग कर रहा है। समाज का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रभावित इलाके
–रांची,चाकुलिया,घाटशिला,बोकारो,धनबाद सहित कई जिलों में रेल रोको आंदोलन का असर देखने को मिला
कुड़मी समाज के नेताओं ने कहा कि “हमारी पहचान और हक को मान्यता दिलाने के लिए यह आंदोलन जरूरी है। जब तक आदिवासी का दर्जा नहीं मिलता, तब तक हम चुप नहीं बैठेंगे।
राज्य सरकार और रेलवे प्रशासन ने हालात पर नजर रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कई जगहों पर पुलिस और आरपीएफ की तैनाती की गई है।

