झारखंड पुलिस महकमे में ऐतिहासिक क्षण : तदाशा मिश्रा बनीं राज्य की पहली महिला डीजीपी
झारखंड पुलिस महकमे में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। राज्य कैडर की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा ने पुलिस मुख्यालय, रांची में प्रभारी महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया।
1994 बैच की यह अनुभवी अधिकारी झारखंड के इतिहास में डीजीपी पद पर आसीन होने वाली पहली महिला बनी हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्रीमती मिश्रा ने कहा कि झारखंड पुलिस को और अधिक सशक्त, संवेदनशील और तकनीकी रूप से आधुनिक बनाना उनका प्राथमिक लक्ष्य होगा।
डीजीपी तदाशा मिश्रा इससे पहले गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं। अपने लंबे पुलिस कैरियर में उन्होंने राज्य और केंद्र स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
राज्य पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मियों ने उनके पदभार ग्रहण पर हार्दिक बधाई दी और आशा जताई कि उनके नेतृत्व में झारखंड पुलिस नई ऊंचाइयों को छुएगी।

