झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा जेएसएससी संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (CGL) का रिजल्ट जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के आदेश के बाद चयनित अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस फैसले के बाद सैकड़ों अभ्यर्थी ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने जमकर जश्न मनाया।
अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए बधाई दी और उनका आभार जताया। युवाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों और पूरे मामले में कराई गई निष्पक्ष जांच के कारण उन्हें न्याय मिला है और वर्षों से रुकी हुई नियुक्ति प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो सकी है।
मुख्यमंत्री आवास परिसर में उमड़े अभ्यर्थियों ने एक स्वर में सरकार के प्रति धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि यह फैसला झारखंड के हजारों युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा। कई अभ्यर्थियों ने इसे संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशीलता और न्यायप्रियता के कारण आज उन्हें सफलता का रास्ता दिखाई दिया है।
इस मौके पर वातावरण पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। ढोल बजाते हुए युवाओं ने नारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी बांटी।



