जोहानसबर्ग में विमान क्रैश,रांची के युवक पीयूष पुष्प की दर्दनाक मौत पायलट ट्रेनिंग के दौरान हुआ हादसा
दक्षिण अफ्रीका के जोहानसबर्ग में प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी खराबी से विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त; 20 वर्षीय पीयूष पुष्प रांची के अरगोड़ा लाजपत नगर के निवासी थे।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ जब पीयूष दक्षिण अफ्रीका के प्रतिष्ठित वालकैन एविएशन इंस्टीट्यूट में फ्लाइंग प्रैक्टिकल कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान विमान में अचानक तकनीकी खराबी उत्पन्न हुई, जिसके कारण वह क्रैश हो गया।
हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल पीयूष को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रांची स्थित उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार ने बताया कि पीयूष बचपन से ही एविएशन के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखते थे और कुछ महीनों पहले ही दक्षिण अफ्रीका ट्रेनिंग के लिए रवाना हुए थे।
भारतीय दूतावास जोहानसबर्ग के माध्यम से पीयूष का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि दो से तीन दिनों के भीतर पार्थिव शरीर रांची पहुंच जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।

