राँची: झारखण्ड में प्रस्तावित इंटरमीडिएट परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है। अब 23 फरवरी की जगह यह परीक्षा 24 फरवरी को आयोजित की जाएगी। झारखण्ड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने आधिकारिक पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी है।
जैक के अनुसार, 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव होने के कारण परीक्षा की तिथि में परिवर्तन किया गया है ताकि परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
इसके साथ ही जैक ने कक्षा आठवीं, नौवीं और 11वीं बोर्ड परीक्षा की तिथियों में भी संशोधन किया है। नई व्यवस्था के तहत कक्षा आठवीं की परीक्षा अब 2 मार्च को आयोजित होगी।
वहीं कक्षा नौवीं की परीक्षा 6 और 7 मार्च को दो पालियों में ली जाएगी। इसके लिए प्रवेश पत्र 24 फरवरी से परिषद की वेबसाइट पर डाउनलोड किए जा सकेंगे। कक्षा 11वीं की बोर्ड परीक्षा 25 से 28 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
परिषद ने सभी संबंधित स्कूलों और छात्रों को नई तिथियों के अनुसार तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।


