जमशेदपुर // इनकम टैक्स विभाग की अनुसंधान शाखा ने शुक्रवार सुबह एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड और बिहार के कई इलाकों में छापेमारी की। यह कार्रवाई बाबा राइस मिल समूह से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर की जा रही है। रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग समेत झारखंड के कई जिलों और बिहार के कुछ क्षेत्रों में इनकम टैक्स की टीमें सक्रिय हैं।
सूत्रों के अनुसार, एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ रेड की जा रही है। जमशेदपुर के जुगसलाई नया बाजार निवासी कारोबारी संजीव अग्रवाल के आवास और सीएच एरिया स्थित उनके दूसरे आवास पर भी इनकम टैक्स विभाग की टीम ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि ये कारोबारी भालोटिया परिवार से जुड़े हुए हैं और चावल के व्यापार से संबंधित हैं।
इनकम टैक्स विभाग को सूचना मिली थी कि बाबा राइस मिल समूह से जुड़े कारोबारियों ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है और बड़े पैमाने पर आय को छुपाया गया है। इसी आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं और लेन-देन से जुड़े कागजातों की गहन जांच की जा रही है।
जमशेदपुर के अलावा हजारीबाग जिले और बिहार के औरंगाबाद में भी इनकम टैक्स की कार्रवाई जारी है। औरंगाबाद के महाराजगंज रोड स्थित धान कारोबारी विश्वजीत जायसवाल के आवास पर भी विभाग की टीम ने छापेमारी की है।
सूत्रों के मुताबिक बाबा राइस मिल के संचालक नितेश कुमार भी इनकम टैक्स विभाग के रडार पर हैं। विभाग की टीमें उनके आवास, कार्यालय और अन्य ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
फिलहाल इनकम टैक्स विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई देर रात तक चल सकती है। पूरे मामले में आय से अधिक संपत्ति और टैक्स चोरी से जुड़े बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।

