जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह विजय गार्डन की रहने वाली विवाहित महिला प्रियंका कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने प्रियंका के देवर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। आरोपों को लेकर परिजनों ने सिदगोड़ा थाना परिसर में हंगामा भी किया। परिजनों का कहना है कि प्रियंका का देवर अमन ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दो दिन पहले ही भारत आया था। उनका आरोप है कि उसकी प्रताड़ना से तंग आकर प्रियंका ने यह कदम उठाया।
परिजनों ने बताया कि मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। प्रियंका की शादी वर्ष 2017 में विजय गार्डन निवासी प्रशांत कुमार से हुई थी, जो टाटा स्टील में कार्यरत हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।


