शंघाई, वार्ता | चीन में आगामी सितम्बर माह से बुलेट ट्रेनें फिर से 350 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने लगेगी। सरकारी मीडिया में आज प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक चीन सरकार छह साल बाद अब फिर से बुलेट ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने पर विचार कर रही है।
द बीजिंग न्यूज के मुताबिक सरकार ने सितम्बर से बीजिंग अौर शंघाई के बीच हाई-स्पीड ट्रेनों की गति बढ़ाने की योजना बनायी है। ट्रेन की गति बढ़ने से दोनों स्टेशनों के बीच सफर में वर्तमान में लगने वाला समय छह घंटो से कम होकर साढ़े चार घंटे हो जायेगा।
चीन के सबसे नये ‘फुक्सिंग’ बुलेट ट्रेनों का गत जून में अनावरण किया था। 400 किलोमीटर की क्षमता वाले इन ट्रेनों का उपयोग यात्रा के लिए किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि चीन का हाई-स्पीड रेलों का नेटवर्क 350 किलोमीटर प्रतिघंटे की क्षमता वाला है , लेकिन वर्ष 2011 में झेलियांग प्रांत में एक हाई-स्पीड ट्रेन दुर्घटना के बाद ट्रेनों की गति घटाकर 250-300 किलोमीटर प्रतिघंटे निर्धारित कर दी गयी थी। इस दुर्घटना में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
चीन में बुलेट ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी
