चांडिल में दो मालगाड़ियों की आमने-सामने टक्कर, ट्रेनों का परिचालन ठप, कई डिब्बे पटरी से उतरे
चांडिल रेलवे स्टेशन के पास बड़ा हादसा, सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका, राहत व बहाली कार्य जारी।
शुक्रवार तड़के सुबह लगभग 4:15 बजे चांडिल रेलवे स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर दूर पोल संख्या 375/22 के समीप दो मालगाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और लोकोमोटिव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद ट्रैक पर मलबा फैल गया, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन पूरी तरह ठप हो गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, एक मालगाड़ी टाटानगर से बोकारो की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बोकारो से टाटानगर आ रही थी। शुरुआती जांच में सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। हादसे की आवाज आसपास के गांवों तक सुनाई दी, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद करने लगे।
दक्षिण-पूर्व रेलवे के उच्च अधिकारी, दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) और मेडिकल टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। चालक दल के कुछ सदस्यों को हल्की चोटें आईं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में किया जा रहा है। भारी मशीनरी की मदद से पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और ट्रैक बहाली का कार्य जारी है।
हादसे के बाद चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर सभी यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। कई ट्रेनों को डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। स्टेशनों पर यात्रियों को हेल्पडेस्क और अनाउंसमेंट के जरिए जानकारी दी जा रही है।
दक्षिण-पूर्व रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक बहाली में 24 घंटे से अधिक समय लग सकता है। यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने और रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन से अपडेट लेने की सलाह दी गई है। हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
हादसे के कारण सैकड़ों यात्री विभिन्न स्टेशनों पर फंसे हैं, जबकि माल परिवहन भी प्रभावित हुआ है। ट्रैक बहाली और परिचालन सामान्य होने में समय लग सकता है।

