चल कार्यालयों में जनता दरबार का नियमित आयोजनउपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर त्वरित समाधान की दिशा में ठोस पहल

रांची जिला प्रशासन की पहल: हर मंगलवार प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में जनता दरबार का नियमित आयोजन
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर त्वरित समाधान की दिशा में ठोस पहल
रांची: रांची जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर संचालित की जा रही है।
जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों एवं आम नागरिकों की शिकायतों को सीधे सुनना, मौके पर समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों में प्रमुख रूप से भूमि विवाद एवं दाखिल-खारिज, जाति, आय, आवासीय एवं स्थानीय प्रमाण-पत्र निर्गमन एवं सुधार, पेंशन से जुड़ी समस्याएं, मनरेगा, कृषि ऋण माफी, केसीसी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित भुगतान सहित अन्य राजस्व एवं प्रशासनिक मामले शामिल हैं।
अधिकांश शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है। कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि जटिल अथवा लंबित मामलों को नियमानुसार संबंधित विभागों एवं कार्यालयों को अग्रसारित किया गया है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अंचल अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनता दरबार के दौरान वे स्वयं कार्यालय में उपस्थित रहें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *