चतरा के मॉडल कॉलेज में उच्च शिक्षा को नई दिशा देने की पहल के तहत एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन कक्षा का आयोजन किया गया। इस विशेष सत्र में दिल्ली विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग के प्रख्यात प्रोफेसर डॉ. अमित कुमार सुमन ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ऑनलाइन कक्षा की शुरुआत विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के कुलपति प्रो. डॉ. चन्द्रभूषण शर्मा के संबोधन से हुई। कुलपति ने डॉ. अमित कुमार सुमन का स्वागत करते हुए कहा कि देश-विदेश में व्याख्यान देने के बावजूद चतरा जैसे पिछड़े जिले के कॉलेज के लिए समय निकालना उनकी शैक्षणिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डॉ. सुमन ने स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से झारखंड और चतरा के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया। व्याख्यान के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी सत्र में ज्योति कुमारी, आशिया प्रवीण, प्रभात कुमार और गोविन्द तुरी सहित कई छात्रों के सवालों का उन्होंने प्रभावी ढंग से जवाब दिया। साथ ही करियर से जुड़े विषयों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनीष दयाल ने कुलपति और डॉ. सुमन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शिक्षकों की कमी वाले क्षेत्रों में इस तरह की ऑनलाइन कक्षाएं शैक्षणिक क्रांति साबित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में देश-विदेश के विशेषज्ञों द्वारा अन्य विषयों पर भी व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में तकनीकी सहयोग प्रवीर कुमार सिंह और शशि मित्तल ने दिया, जबकि अंकज सिन्हा, बजरंग कुमार सहित महाविद्यालय कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


