धनबाद जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने धनबाद–रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर टायर जला कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि खनन प्रभावित इलाके के लोगों को सुरक्षित पुनर्वास नहीं दिया जा रहा है, वहीं क्षेत्र से निकल रही जहरीली गैस से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन जल्द से जल्द गैस रिसाव की जांच कराए और इसे पूरी तरह बंद करे।
प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सुरक्षित पुनर्वास की ठोस व्यवस्था नहीं होती और जहरीली गैस की समस्या का समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


