गोवा नाइट क्लब हादसा: किचन में ब्लास्ट के बाद भीषण आग, 25 की मौत

गोवा नाइट क्लब हादसा: किचन में ब्लास्ट के बाद भीषण आग, 25 की मौत

 गोवा के अरपोरा इलाके स्थित Birch by Romeo Lane रेस्टोरेंट-कम-नाइट क्लब में आधी रात हुए ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 25 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 20 लोगों की जान दम घुटने से गई, जबकि तीन लोग जिंदा जल गए। बाद में दो अन्य घायलों की इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ब्लास्ट क्लब के किचन एरिया में हुआ, जिसके बाद चंद सेकंड में आग फैल गई और बेसमेंट में धुएं का घना गुबार भर गया। उस समय बेसमेंट में बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। अफरा-तफरी में कई लोग बाहर की ओर भागने के बजाय बेसमेंट की ओर चले गए, जहां धुएं के कारण फंसकर उनकी सांसें घुट गईं।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना को राज्य के लिए “बहुत दर्दनाक दिन” बताया और जांच के आदेश दिए हैं। स्थानीय विधायक माइकल लोबो ने हादसे को लापरवाही का नतीजा बताते हुए राज्य के सभी क्लबों के फायर सेफ्टी ऑडिट की मांग की है।

गोवा पुलिस के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि मृतकों में 4 पर्यटक और 14 क्लब के कर्मचारी शामिल हैं, जबकि बाकी मृतकों की पहचान की जा रही है। हादसे में 7 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस और फायर विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस कंट्रोल रूम को रात 12:04 बजे आग की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत दमकल, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी शवों को बाहर निकालकर बांबोलिम स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *