गोड्डा में महिला पर फायरिंग मामले का खुलासा
पति ने ही दी थी सुपारी, तीन शूटर गिरफ्तार
गोड्डा।
गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत महिला पर गोली चलाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले की साजिश के पीछे महिला का पति ही निकला, जिसने कथित तौर पर 2 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की योजना बनवाई थी।
घटना 17 जनवरी 2026 की शाम की है, जब गांधीग्राम चौक, महागामा–गोड्डा मुख्य पथ पर बाइक सवार अपराधियों ने गोड्डा से मोटरसाइकिल से आ रही एक महिला पर गोली चला दी थी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
घायल महिला के बयान पर दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में घायल महिला वंदना कुमारी (35 वर्ष), पति संतोष कुमार साह, के फर्दबयान के आधार पर पथरगामा थाना कांड संख्या 13/26 (दिनांक 18.01.2026) दर्ज किया गया। मामले में चार नामजद और अन्य अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
SIT का गठन, तीन आरोपी दबोचे गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
भौतिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया—
श्याम कुमार साह, निवासी जनमोहम्मदपुर, कहलगांव, भागलपुर (बिहार)
सुबोध कुमार साह, निवासी सिकरगढ़ टोला, कहलगांव, भागलपुर (बिहार)
मो. आरिफ, निवासी काजीपुर, कहलगांव, भागलपुर (बिहार)
पति ने दी थी हत्या की सुपारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि घायल महिला के पति, जो बिहार राज्य में न्यायिक सेवा में कार्यरत हैं, का पत्नी के साथ गोड्डा परिवार न्यायालय में मुकदमा चल रहा था। पत्नी से छुटकारा पाने के लिए उन्होंने 2 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। इसी योजना के तहत 17 जनवरी को चलती मोटरसाइकिल पर महिला को गोली मारी गई।
हथियार और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्न सामान जब्त किए हैं—
घटनास्थल से गोली का अग्रभाग
घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल
1 देशी कट्टा
घटना के समय प्रयुक्त 3 हेलमेट
3 मास्क
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में गोड्डा पुलिस के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रशिक्षु डीएसपी, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है और अन्य संलिप्त अभियुक्तों की तलाश जारी है।

