नई दिल्ली : गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के लिए काउंटिंग जारी है। रूझान बीजेपी के पक्ष में आते दिखाई दे रहे हैं। वहीं कांग्रेस को दोनों ही राज्यों में बड़ा झटका लगा है, जिसके बाद एक समय में देश की सबसे बड़ी पार्टी कही जाने वाले कांग्रेस सिमट कर केवल चार राज्यों तक ही रह गई है।
चुनावी रुझान आने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। वहीं बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने पार्टी कार्यालय पहुंच गए हैं। यहां पर अमित शाह मीडिया कर्मियों से मुखातिब हो रहे हैं। अमित शाह ने खुद और पार्टी की ओर से दोनों राज्य की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि वहां के लोगों पीएम मोदी की नीतियों में विश्वास जताया है। उन्होंने इसे बीजेपी के लिए आनंद का दिन बताया।
अमित शाह ने कहा कि गुजरात ने जातिवाद के प्रयास को विफल किया। यह जातिवाद और तुष्टिकरण पर विकास की जीत है। पीएम मोदी की अगुवाई में लोकतंत्र करवट बदल रहा है। मुद्दा भटकाने में कांग्रेस की हार हुई। 70 साल बाद लोकतंत्र में बड़ा बदलाव हुआ। ये जीत प्रधानमंत्री की नीतियों की जीत है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि जातिवाद के प्रचार के बावजूद एक प्रतिशत वोट बढ़ा। आगामी चार राज्यों में चुनाव भी जीतेंगे। दोनों राज्यों की जनता का अभिनंदन। चुनाव में प्रचार नीचे स्तर तक गया। पीएम के लिए ओछे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात में हम आराम से जीते हैं। उन्होंने कहा कि इतने निचले स्तर का प्रचार कभी नहीं देखा। 2019 में जनता फिर से आशीर्वाद देगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कह कि जीत के लिए जातिवाद को भड़काया गया, लेकिन जो विकास करेगा उसी को जीत मिलेगी। अमित शाह ने कहा कि हिमाचल में दो तिहाई बहुमत मिला है। 8 प्रतिशत का अंतर कांटे की टक्कर नहीं होता।