गिरिडीह पुलिस का खुलासा: दो नाबालिगों से सामूहिक दुष्कर्म मामले में 4 गिरफ्तार, 4 किशोर निरुद्ध


गिरिडीह पुलिस ने हरलाडीह ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का उद्भेदन करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी 2026 की रात जतरामेला देखने गई दो नाबालिग बच्चियों के साथ अज्ञात लोगों द्वारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में 26 जनवरी को खुखरा (हरलाडीह) थाना में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डुमरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। श्वान दस्ता, फॉरेंसिक टीम और तकनीकी शाखा की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटनास्थल से जुड़ा एक जींस पैंट और सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है और पीड़ित बच्चियों की सुरक्षा और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *