रांची: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत शालीमार बाजार के समीप एक कुत्ते के साथ की गई अमानवीय क्रूरता का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में 8 से 10 लोग एक कुत्ते को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आते ही पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में डॉग लवर्स और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग धुर्वा थाना पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक बेजुबान जानवर को घेरकर पीटा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने कुत्ते को मारकर गड्ढे में दफना दिया था, लेकिन एक जर्मन शेफर्ड डॉग ने उस स्थान को खोज निकाला, जिसके बाद पूरा मामला उजागर हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धुर्वा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
धुर्वा थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

